
वाशिंगटन। भारत के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत और अमेरिका के समान लक्ष्य और साझा हित दोनों को एक साथ बांधते हैं। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह अमेरिका में मंगलवार को इंडिया हाउस में भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू द्वारा आयोजित सम्मान समारोह को संबोधित कर रहे थे।
‘स्वास्थ्य, ऊर्जा और अंतरिक्ष के क्षेत्र में मिलकर करना चाहिए काम’
अमेरिकी अंतरिक्ष समुदाय और उद्यमियों से अनुरोध करते हुए जितेंद्र सिंह ने कहा कि उन्हें स्वास्थ्य, ऊर्जा और अंतरिक्ष के क्षेत्र में अपने भारतीय समकक्ष के साथ मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आज पहले से ज्यादा अनुकूल माहौल तैयार हुआ है।
कार्यक्रम में शामिल हुए अमेरिकी सांसद
इस कार्यक्रम में अमेरिकी सांसद, विज्ञान और अकादमिक क्षेत्र की हस्तियां व बाइडन प्रशासन से जुड़े कई अधिकारी भी शामिल हुए। इस अवसर पर भारतीय राजदूत तरनजीत सिंह संधू ने कहा कि अमेरिकी कांग्रेस भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को और मजबूत कर रही है। आज अमेरिका में दो लाख से अधिक विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, इनमें से एक तिहाई विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के हैं।