
कानपुर। बिल्हौर क्षेत्र के रसूलपुर गांव में गुरुवार सुबह घर के बाहर बैठे युवक को पारिवारिक भतीजे ने तमंचे से गोली मार दी। सिर में गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को सीएचसी ले गई।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया। स्वजन ने पड़ोस में रहने वाले पारिवारिक भतीजे पर गोली मारने का आरोप लगाया।
रसूलपुर गांव निवासी हिमांशु सिंह ने बताया की 45 वर्षीय चाचा सुनील सिंह चौहान उर्फ ललोनी पुत्र स्व हुकुम सिंह वर्ष 2009 में कन्नौज के तिर्वा थाना क्षेत्र से बच्चे के अपहरण के मामले में जेल गए थे और 15 अगस्त को ही जेल से जमानत पर बाहर आए थे। बुधवार शाम उनका पड़ोस में रहने वाले पारिवारिक भतीजे प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू पुत्र स्व महिपाल सिंह के साथ शराब के नशे में विवाद हुआ था।
आरोप है कि इस दौरान गुड्डू ने जान से मारने की धमकी दी थी। गुरुवार सुबह चाचा ललोनी नित्य क्रिया के बाद घर के सामने हैंडपंप के पास बने चबूतरे पर बैठे थे। इस बीच गुड्डू सिंह ने तमंचे से चाचा के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। गोली की आवाज सुन पड़ोसी व स्वजन जमा हो गए।
गोली चलने की जानकारी से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंची पुलिस लहूलुहान पड़े ललोनी को सीएचसी ले गई। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में कानपुर एलएलआर रेफर कर दिया।
इंस्पेक्टर अतुल कुमार सिंह ने बताया कि परिवार के लोगों ने पारिवारिक भतीजे प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू पर गोली मारने का आरोप लगाया है। आरोपित की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।