बारिश संग हवाओं से बढ़ी गलन, कड़ाके ठंड से राहत की फिलहाल उम्मीद नहीं

कानपुर। शहर में शनिवार सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है, यहां बीते दों दिनों से आसमान पर बादल छाए हुए थे और मौसम विभाग भी बूंदाबांदी की संभावना जता रहा था। इसकी वजह हिमालय के आसपास पश्चिमी विक्षोभ होने से आ रही बर्फीली हवाओं और बंगाल की खाड़ी व अरब सागर से आ रही नम हवाएं हैं, जिनसे बारिश हो रही है। लगातार बारिश के बीच तापमान में फिर गिरावट आने से गलन में इजाफा हो गया है। सर्द हवाओं और कड़ाके की ठंड ने ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम वैज्ञानिकों ने अभी तीन दिन तक गरज, चमक और तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ हिमाचल प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और उससे सटे उत्तराखंड पर है, जो उत्तर पश्चिमी हवाओं को मैदानी भागों में लाकर सर्दी बढ़ा रहा है। इसी के साथ एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बांग्लादेश के ऊपर है, जिसके कारण अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से नम हवाएं बिहार व उत्तर प्रदेश में असर डाल रही हैं। दोनों हवाओं के मिलने से आसमान पर बादलों की आवाजाही शुरू हो गई है। इसी के चलते शनिवार को कानपुर मंडल सहित पूरे उत्तर प्रदेश में बूंदाबांदी व बारिश शुरू हो गई।

मौसम विभाग की मानें तो कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। कृषि विज्ञानियों ने एेसे मौसम में किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि इससे फसलों पर ज्यादा असर पड़ेगा। इस मौसम में किसान खाद व दवाओं का छिड़काव स्थगित करें।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button