
Network Today
आगरा में गुरुवार सुबह भीषण हादसा हो गया। आगरा-कानपुर हाईवे में रोडवेज बस आगे चल रहे टैंकर में जा घुसी। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। इनमें एक यात्री और एक कंडक्टर है। 10 घायल हैं, जिनमें 4 की हालत गंभीर है। रोडवेज बस कानपुर से आगरा जा रही थी, इसमें 35 यात्री थे। हादसा आगरा से कुछ दूर पहले कुबेरपुर के पास सुबह 6 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि ड्राइवर को झपकी आने से हादसा हुआ है।
रोडवेज बस इतनी तेज रफ्तार में टैंकर में घुसी की एक तरफ से पूरी बस के परखच्चे उड़ गए। सूचना पाकर पुलिस और आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। बस की हालत देखकर पुलिस ने आस-पास के गांव के लोगों को मदद के लिए बुलाया। इनर रिंग रोड के टोल प्लाजा मैनेजर को फोन करके मदद मांगी। टोल मैनेजर भी अपनी गाड़ी और कर्मचारियों के साथ पहुंचे। थोड़ी देर में 50 से ज्यादा लोग घायलों को बचाने के काम में जुट गए।
एंबुलेंस के आने से पहले ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंच गए। ट्रैक्टर-ट्राली से घायलों को SN मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। टक्कर में कई यात्री बुरी तरह से बस की सीटों में फंस गए थे, ऐसे में उन्हें निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पूरी बस क्षतिग्रस्त हो गई।
सीओ रवि कुमार गुप्ता ने दो मौत की पुष्टि की। मृतकों की पहचान कंडक्टर राजेश कुमार (47) एक अज्ञात उम्र (45) के रूप में की है। वहीं, घायलों में रोहित (23), बस डाइवर योगेंद्र प्रताप (35) दिनेश (25), सतेंद्र, रघुवर, अश्ननी, आकांक्षा (30) थान सिंह (40) अल्फाज खान, राजकुमार के रूप में हुई है।
घायल यात्री बोला- रास्ते में दो बार ड्राइवर को रोका था, उसे नींद आ रही थी
घायल यात्री सुनील ने बताया, “बस चालक योगेंद्र प्रताप चला रहा था। जबकि परिचालक जितेंद्र था। चालक रात को कानपुर से बस लेकर चला था। थके होने के कारण उसे झपकी लग रही थी। इस पर यात्रियों ने रास्ते में दो जगह पर फिरोजाबाद से पहले बस रुकवा ली थी। इसके बाद उन्होंने चालक से थोड़ा आराम करने को कहा। उसका मुंह पानी से धुलवाया। इसके बाद चालक फिर से बस लेकर चल पड़ा। थोड़ी देर बाद ही हादसा हो गया।”