
कानपुर। शौर्य चक्र से सम्मानित, पूर्व राज्यसभा सदस्य, अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के नेता चौधरी हरमोहन सिंह यादव की 10वीं पुण्य तिथि पर मेहरबान सिंह का पुरवा में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। दोपहर बाद शुरू हुए इस कार्यक्रम में यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा पहुंच गए हैं, वहीं एक दर्जन राज्यों से समर्थक भी आ गए हैं। कार्यक्रम में वाटरप्रूफ पंडाल बनाया गया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन की भी तैयारी की गई है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में यदुकुल शिरोमणि स्मारिका का विमोचन किया गया।
इन कार्यक्रमों में मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव भी आते रहे हैं लेकिन अब तस्वीर बदली हुई है। हरमोहन सिंह यादव के पौत्र और चौधरी हरमोहन सिंह यादव जनकल्याण समिति के अध्यक्ष मोहित यादव भाजपा में शामिल हो चुके हैं। 18 अक्टूबर 2021 को चौधरी हरमोहन सिंह यादव के जन्म शताब्दी समारोह में तत्कालीन उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह शामिल होने मेहरबान सिंह का पुरवा आए थे।