
कानपुर। हाईवे पर सोमवार की सुबह किसान नगर पुल पर कर्मचारियों से भरी निजी कंपनी की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई। बस में सवार सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, मामूली घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया है। बस में सवार कर्मचारी सुबह की शिफ्ट में रनियां स्थित फैक्ट्री में काम पर जा रहे थे। हादसे के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने यातायात सामान्य कराया। बस को क्रेन से सीधा कराने के बाद हाईवे के किनारे कराया है।
कानपुर देहात के रनियां स्थित फ्रंटियर स्प्रिंग कंपनी की बस सोमवार सुबह जनरल शिफ्ट के करीब 20 कर्मचारियों को लेकर जा रही थी। किसान नगर के पास हाईवे पर नहर पुल पर चालक ने बस से संतुलन खो दिया। इससे अनियंत्रित हुई बस डिवाइडर से टकराने के बाद हाईवे पर पलट गई। हादसे के बाद में दबे कर्मियों में चीख पुकार मच गई। हादसा देखकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और सभी कर्मचारियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। इस बीच सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और मामूली घायलों का प्राथमिक उपचार कराया, घटना में किसी भी कर्मचारी को ज्यादा चोट नहीं आई।
वहीं हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया और बस चालक भी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से बस को हाईवे के किनारे कराया और यातायात बहाल कराया। इस दौरान करीब एक घंटा तक जाम लगा रहा। सचेंडी थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और चालक का पता किया जा रहा है। फिलहाल बस को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल करा दिया गया है।