
Network Today
जी पी अवस्थी, विशेष संवाददाता
कानपुर। भारत में पहली बार होने जा रहे शतरंज ओलंपियाड की मशाल रिले रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम पहुंची। जहां पर शंखनाद के बीच पीएसी बैंड की धुन पर ग्रैंड मास्टर तेजस और वर्तिका के साथ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, विधायक सुरेंद्र मैथानी, अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के अध्यक्ष डॉ संजय कपूर , पूर्व सांसद देवेंद्र सिंह भोले, सत्यदेव पचौरी, मंडल आयुक्त डॉ राजशेखर ने मशाल रिले लेकर ग्रीन पार्क स्टेडियम का चक्कर लगाया।
इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने रिले ग्रैंडमास्टर वर्तिका और तेजस को सौंपी ताकि लखनऊ में मुख्यमंत्री द्वारा उसका उद्घाटन किया जा सके।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने रिले का स्वागत कर कहा कि यह सिर्फ मशाल रिले नहीं बल्कि भारत के लिए विरासत है। जिस प्रकार ओलंपिक की मशाल को एथेंस में सुरक्षित किया जाता है उसी प्रकार यह भी भारत में सुरक्षित रहेगी। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को संस्कृति और ज्ञान का पाठ पढ़ाया है।
भारत में देश है जो ज्ञान विज्ञान के लिए पहचाना जाता है। अखिल भारतीय शतरंज फेडरेशन के अध्यक्ष डॉ संजय कपूर ने एक बार फिर शतरंज को भारत में लाकर देश का मान बढ़ाया है।
उन्होंने कहा अधिक से अधिक लोगों को शतरंज खेलना चाहिए क्योंकि इससे बौद्धिक क्षमता का विकास होता है।
इसके बाद रिले को लेकर ग्रीन पार्क स्टेडियम में महाना सबसे पहले चक्कर लगाने पहुंचे उनके साथ महापौर प्रमिला पांडे जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल वरुण सहित एमएलसी अरुण पाठक और विधायक राहुल बच्चा ने बारी-बारी मशाल को थामकर स्टेडियम का चक्कर लगाया।
अखिल भारतीय शतरंज महासंघ के अध्यक्ष डॉ संजय कपूर ने कहा कि यह क्षण हर भारतवासी के लिए गौरव का क्षण है। यह मशाल रिले उत्तर प्रदेश के 9 और देश के 75 शहरों में जाएगी।
आजादी के अमृत महोत्सव की 75 वीं वर्षगांठ को लेकर इसका आयोजन भव्य और दिव्य रुप से किया जा रहा है। उन्होंने वसुधैव कुटुंबकम नमस्ते वर्ल्ड और देश में आएगी उमंग हम खेलेंगे शतरंज का संदेश खिलाड़ियों को दिया।