अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान बनाए गए यूएई के नए राष्ट्रपति

दुबई। अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान को शनिवार को संयुक्त अरब अमीरात का नया राष्ट्रपति चुना गया। खलीज टाइम्स की रिपोर्ट के हवाले से समाचार एजेंसी आइएएनएस ने बताया है कि 61 वर्षीय मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान देश के तीसरे राष्ट्रपति होंगे।

मालूम हो कि शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान का 73 वर्ष की उम्र में निधन हो गया था। वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दूसरे राष्ट्रपति थे। शेख के निधन पर यूएई में 40 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है। शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान के निधन पर पीएम मोदी के अलावा विदेश मंत्री एस जयशंकर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत दुनियाभर के लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया था।

शेख मोहम्मद संयुक्त अरब अमीरात सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर भी हैं। संयुक्त अरब अमीरात की संघीय सर्वोच्च परिषद की ओर से शेख मोहम्मद का चुनाव किया गया है। क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान फिर से चुनाव के लिए पात्र होने से पहले पांच साल के कार्यकाल के लिए राष्‍ट्रपति का पद संभालेंगे।

उल्‍लेखनीय है कि शेख जायद बिन सुल्तान ने 1971 में संयुक्‍त अरब अमीरात के गठन के बाद 2 नंवबर, 2004 तक पहले राष्ट्रपति के रूप में पदभार संभाला था। उनके निधन के बाद शेख खलीफा बिन जायद अल नाहयान को उत्तराधिकारी के रूप में यूएई का राष्ट्रपति चुना गया था। 1948 में जन्मे शेख खलीफा संयुक्त अरब अमीरात के दूसरे राष्ट्रपति और आबू धाबी के 16वें शासक थे। शेख खलीफा के शासनकाल में यूएई ने तेजी से विकास किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button