
Network Today
गोरखपुर। प्रभु यीशु का जन्मोत्सव शनिवार की रात 12 बजे धूमधाम से मनाया जाएगा। क्रिसमस डे पर रविवार को सुबह विशेष प्रार्थना की जाएगी। तैयारियां तेज हो गई हैं। चर्च व ईसाई मोहल्ले रोशनी से जगमगा रहे हैं। चर्च व घरों पर तारे लटका दिए गए हैं। चर्च परिसर में वृक्षों व रास्तों को भी विद्युत झालरों से सजा दिया गया है। माहौल उत्सव व उल्लास से पूर्ण है।
विश्वासियों ने घरों में सजाया क्रिसमस ट्री
सेंट जोसफ चर्च सिविल लाइंस में मां मरियम के मंदिर में बाल रूप यीशु की झांकी सजाई गई है। चरनी में प्रभु यीशु, आसपास महलों के दृश्य, स्वर्ग दूतों की झांकी का दर्शन शुरू हो चुका है। चर्च से लेकर ईसाई मोहल्लों तक कैरल गान गूंज रहे हैं। विश्वासियों ने घरों में क्रिसमस ट्री सजा दिया है। प्रभु यीशु की कहानियां बच्चों को सुनाई जा रही हैं। कैंडल लाइट सर्विस व प्रभु भोज के आयोजन से माहौल उत्सवपूर्ण हो गया है।