
कानपुर । महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने व महिलाओं पर हो रहे अत्याचारों को रोकने के उद्देश्य से सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश महिला आयोग द्वारा मिशन शक्ति फेज 4 के अंतर्गत महिलाओं से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजना विषय पर जागरूकता चौपाल एवं महिला जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य पूनम कपूर की अध्यक्षता में शुरू हुई। जनसुनवाई में पहले अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की गई। उसके बाद बाल सेवा योजना के लोगो के साथ जागरूकता चर्चा की गई। अंत मे महिला जनसुनवाई शुरू हुई मौके पर दर्जनों पीड़ित महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पहुंची। जिस पर सदस्य पूनम कपूर ने संबंधित अधिकारियों को तुरंत समस्याओं के निस्तारण के आदेश देते हुए कहा कि जल्द से जल्द इन महिलाओं को न्याय मिलना चाहिए। साथ ही उन्होंने महिलाओं को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी तरह की समस्या होने पर पीड़ित महिला तुरंत ही महिला आयोग से शिकायत करें। आज भी अधिकारी स्तर पर समस्याओं का निस्तारण हो रहा है पर विवेचको की लापरवाही के कारण विवेचना समय पर नही हो रही जिससे पीड़ितों को न्याय नही मिल पा रहा है।