
Network Today
गुजरात की 182 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। शुरुआती रुझानों में भाजपा जहां बहुमत से कहीं आगे निकल गई है वहीं कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का बुरा हाल है। 2017 के मुकाबले इस बार दोनों ही चरणों में कम मतदान हुआ। पहले चरण में 60.20 लोगों ने वोट डाला था, जबकि पांच दिसंबर को हुए दूसरे चरण में 64.39 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार किया
चुनाव आयोग के ताजा आंकड़ों के अनुसार भाजपा ने 95 सीटों पर जीत दर्ज कर ली है और 61 सीटों पर आगे चल रही है। इस तरह से भाजपा ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है।
मोरबी में भाजपा जीती
मोरबी विधानसभा सीट पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। यहां से कांतिलाल अमृतिया ने 62 हजार से ज्यादा वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी को हरा दिया है।
गुजरात कांग्रेस प्रभारी ने दिया इस्तीफा
गुजरात में हार की जिम्मेदारी लेते हुए कांग्रेस राज्य प्रभारी रघु शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है।
गुजरात में चुनाव आयोग की ताजा रिपोर्ट
चुनाव आयोग के अनुसार गुजरात में भाजपा 42 सीटों पर जीत दर्ज़ कर 115 सीटों पर आगे चल रही है जबकि कांग्रेस 3 सीट पर जीत दर्ज़ कर 13 सीटों पर आगे चल रही है। समाजवादी पार्टी 1 और AAP 5 सीटों पर आगे चल रही है, मतगणना जारी है।
गुजरात की जनता भाजपा के साथ थी और आगे भी रहेगी: रिवाबा जडेजा
जीत के करीब पहुंची रवींद्र जडेजा की पत्नी रिवाबा ने मीडिया के सामने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि गुजरात में भाजपा जिस तरह से 27 साल से कार्यरत है और विकास का एक मॉडल स्थापित किया है, लोग भी इस विकास यात्रा को भाजपा के साथ मिलकर ही आगे बढ़ाना चाहते हैं। ये साफ है कि गुजरात की जनता भाजपा के साथ थी और आगे भी रहेगी।
हार्दिक पटेल विरमगाम सीट से आगे चल रहे
गुजरात में पाटीदार आरक्षण आंदोलन का चेहरा रहे हार्दिक पटेल विरमगाम सीट से आगे चल रहे हैं। उन्होंने AAP के अमरसिंह आनंदजी ठाकोर को 27 हजार से अधिक वोटों से पीछे छोड़ दिया है।
रुझानों में भाजपा 150 सीटों के पार चली गई, कांग्रेस-AAP का बुरा हाल
रुझानों में भाजपा 152 सीटों पर आगे चल रही है वहीं कांग्रेस और AAP का बुरा हाल है। कांग्रेस को 20 सीटों पर बढ़त मिली है तो AAP को छह सीटों पर बढ़त मिली है। वहीं अन्य पांच सीटों पर आगे चल रही है।