
Network Today
कानपुर। कानपुर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शनिवार सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। विजिबिलिटी करीब 10 मीटर रही। हाईवे से लेकर शहर के अंदर भी वाहनों की रफ्तार थम गई। वहीं जगह-जगह अलाव जलाकर लोग ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं।
सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हिमालय पर आए पश्चिमी विक्षोभ का असर कम हो रहा है और पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में पड़ना शुरू हो गया है। शीतलहर का चलना शुरू हो गया है, मध्य जनवरी तक इसका असर बना रहेगा। ठंड में अभी और इजाफा होगा।
धूप का असर होगा कम
कड़ाके की ठंड के साथ ही धूप का असर भी कम होगा। हालांकि शुक्रवार को दिन के तापमान में मामूली इजाफा हुआ। अधिकतम पारा 22 और रात का सात डिग्री तक पहुंच गया। तापमान बढ़ने से फिर मौसम में बदलाव हुआ और पहले जैसी सर्दी का अहसास थोड़ा कम रहा। लेकिन शीतलहर चलने से ठंड में अचानक ही इजाफा हो गया है।
कोहरे थामी पहियों की रफ्तार
शहर के मुकाबले हाईवे पर कोहरा और घना रहा। विजिबिलिटी 12 मीटर से कम रही। इसके चलते ज्यादातर बड़े वाहनों ने हाईवे किनारे ही वाहन पार्क कर दिए। धूप निकलने के बाद ही आगे सफर तय कर रहे हैं। वहीं कोहरे के चलते हाईवे पर हादसों की संख्या बढ़ गई है।