
कानपुर में चार नए थाने बनाने के लिए मंगलवार को शासन से हरी झंडी मिल गई है। चकेरी, नौबस्ता, बर्रा और कल्याणपुर थाने को दो हिस्सों में बांटकर नया थाना बनाया जाएगा। इन चार थानों में कानपुर का क्राइम ग्राफ सबसे ज्यादा है। इसके साथ ही इन थानों का क्षेत्रफल भी बड़ा है। इससे देखते हुए नए थाने का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया था।
चकेरी, बर्रा, नौबस्ता और कल्याणपुर में बनेगा नया थाना
पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने बताया कि कानपुर पुलिस कमिश्नरेट के चकेरी थाने की जाजमऊ चौकी को अब जाजमऊ थाना बनाया जाएगा। कल्याणपुर थाना क्षेत्र में रावतपुर नया थाना बनाया जाएगा। इसके साथ ही नौबस्ता में हनुमंत विहार थाना और बर्रा थाना क्षेत्र में गुजैनी थाना नया बनाया जाएगा। शासन की ओर से चार नए थाने के लिए हरी झंडी मिल गई है। जल्द ही इन थानों को शुरू किया जाएगा। इसके लिए तेजी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इससे कि जल्द से जल्द जनता को राहत मिल सके। अभी तक इन चारों थानों में सबसे ज्यादा क्राइम का ग्राफ है। इसके साथ ही इन चारों थानों का क्षेत्रफल भी बेहद बड़ा है। नए थाने बनने से इलाके में पुलिसिंग अच्छी हो सकेगी।
क्राइम का ग्राफ और क्षेत्रफल में बड़े हैं चारों थाने
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कानपुर कमिश्नरेट में आने वाले 34 थानों में सबसे ज्यादा चकेरी, बर्रा, नौबस्ता और कल्याणपुर में अपराध होता है। इतना ही नहीं एक-एक थाने का क्षेत्रफल भी बहुत बड़ा है। इसके चलते थाना प्रभारी को निगरानी करना बेहद मुश्किल होता है। अभी तक इन चारों थानों का चार्ज संभालना बेहद कठिन होता था। लेकिन अब नए थाने बनने से पुलिस और पब्लिक दोनों को राहत मिलेगी।