सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया डा भीमराव आम्बेडकर को नमन

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बाबासाहेब डाक्टर भीमराव आम्बेडकर की 131वीं जयंती पर उनको नमन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के हजरतगंज में डा आम्बेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किया। उनके साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष/कैबिनेट मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, राजय मंत्री स्वतंत्र प्रभार असीम अरुण, पूर्व मंत्री डा महेन्द्र सिंह, पूर्व राज्यसभा सदस्य जुगुल किशोर तथा लखनऊ की महापौर संयुक्ता भाटिया भी मौजूद थीं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर कहा कि बाबा साहब डा. आम्बेडकर ने सामाजिक असमानता को दूर करने और वंचित वर्गों को सामाजिक न्याय दिलाने के उद्देश्य से भारत के संविधान में अनेक प्रविधान किए। भारतीय संविधान के निर्माण में बाबा साहेब के योगदान के लिए देशवासी सदैव उनके प्रति कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने आजीवन अनुसूचित जाति वर्ग सहित सभी उपेक्षित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के सशक्तीकरण के प्रयास हम सभी को प्रेरणा देते रहेंगे। भेदभावरहित एवं समरस समाज का निर्माण ही हम सभी की डा. आम्बेडकर के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके बाद डा.आम्बेडकर महासभा के कार्यक्रम में भी उसके कार्य पर प्रकाश डाला और समाज के उत्थान में उनकी भूमिका के योगदान को सभी को बताया। सीएम योगी आदित्यनाथ गुरुवार को बाबासाहेब भीमराव आम्बेडकर की जयंती पर बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर केन्द्रीय विश्वविद्यालय का स्थापना दिवस पर शामिल होंगे।

उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने बाबा साहेब डा. भीमराव आंबेडकर के जन्म दिवस के अवसर पर उन्हें याद करते हुये प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामना दी। विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संदेश में कहा है कि भारतीय विधिवेत्ता, अर्थशास्त्री, राजनीतिज्ञ और समाज सुधारक बाबा साहेब ने सामाजिक भेद-भाव के विरुद्ध अभियान चलाकर श्रमिकों और महिलाओं के अधिकारों का समर्थन किया। वे स्वतंत्र भारत के प्रथम कानून मंत्री एवं भारतीय संविधान के प्रमुख वास्तुकार थे। 1990 में  डा. आंबेडकर को मरणोपरांत सर्वाेच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button