
कानपुर। घर की दीवारों में छिपा कर रखे गए 196 करोड़ रुपये और 26 किलो विदेशी सोना बरादम होने के बाद पीयूष जैन रातों रात देश दुनिया में चर्चित हो गया था। इतना धन लोगों की नजरों से बचाने का कवच उसकी सादगी थी। गुरुवार को रिहाई के बाद जेल से पीयूष जैन जब बाहर आया तो रंग बदले हुए थे। उसके क्या ठाट दिखे, वह स्पोर्टी कैप और स्टाइलिश गॉगल्स लगाकर महंगे स्पोर्ट्स शू पहनकर बाहर आया। बाहर पहले से एसी ऑन खड़ी लग्जरी कार उसका इंतजार कर रही थी।
डीजीजीआई के छापे के बाद जब पीयूष जैन के कन्नौज और कानपुर के घर से 196 करोड़ रुपये और 26 किलो विदेशी सोना बरामद हुआ तो उसके रिश्तेदारों से लेकर परिचत तक हक्के बक्के रह गए थे। किसी को भनक तक नहीं थी कि पीयूष जैन किसी धन कुबेर से कम नहीं है। लोगों ने बताया था कि पीयूष हमेशा अपनी पुराने प्रिया स्कूटर से चलता था और एक पुरानी सैंट्रो कार भी थी। अक्सर वो कन्नौज से कानपुर आते समय रोडवेज बस से सफर करता था। घर के बाहर किसी भिखारी के आने पर बिना कुछ दिए लौटा देता था।
27 दिसंबर 2021 को गिरफ्तारी के बाद पीयूष को काकादेव थाने में रखा गया था। उसे देर रात करीब तीन बजे टीम लेकर थाने आई थी और महिला हेल्पलाइन कक्ष में रखा था। ठंड का मौसम होने पर उसे एक पतला गद्दा और कंबल दिया गया था। उसने फर्श पर लेटकर रात गुजारी थी।