
कानपुर। मौसम में उतार चढ़ाव का सिलसिला जारी है। अधिकतम तापमान एक दिन पहले की तरह 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री बढ़कर 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विज्ञानियों ने अगले दो दिन में तापमान और बढऩे के आसार जताए हैं। इस दौरान रात में भी गर्मी का अहसास हो सकता है।
सीएसए विवि के मौसम वैज्ञानिक डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि वर्तमान में एक शुष्क चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों पर बना हुआ है, जो गर्मी बढ़ा रहा है। इस सप्ताह आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिलेगी। इसके चलते अधिकतम तापमान 40 डिग्री से भी ज्यादा हो सकता है। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री या उससे अधिक होता है तो हीट वेव (लू) चलने की संभावना होती है।
चार वर्ष बाद दिखा ऐसा बदलाव : अगले 24 घंटों तक भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है और तापमान भी बढ़ सकता है। कम से कम एक सप्ताह तक बादल आने की उम्मीद नहीं है। ऐसा मौसम चार वर्ष बाद दिखाई दे रहा है, तब मार्च के महीने में तापमान सामान्य से चार-पांच डिग्री ज्यादा रहा है और आसमान में बादल भी नहीं आए। इसी तरह का मौसम वर्ष 2010 और 2018 में भी था। इसका कारण लगातार हवाओं की दिशा बदलने को भी माना जा रहा है। किसानों को सलाह है कि वे रबी की परिपक्व फसलों की कटाई व मड़ाई के कार्य करें और जायद फसलों की ङ्क्षसचाई, खरपतवार नाशी, कीटनाशी, रोगनाशी दवाओं का छिड़काव शाम के समय करें।