
Network Today
चीन, जापान और कोरिया में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पर निशाना साधा है। भारत जोड़ो यात्रा के दिल्ली में प्रवेश करने के बाद अनुराग ठाकुर ने कहा कि दुनियाभर में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं लेकिन कांग्रेस को केवल एक परिवार की चिंता है। ये समय कोविड प्रोटोकाल का पालन करने का है।
अनुराग ठाकुर ने सवाल किया कि भारत जोड़ो यात्रा में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी राजस्थान में शामिल हुए थे। वे राहुल गांधी के साथ चल रहे थे और बाद में वे कोरोना पॉजिटिव पाए गए। क्या राहुल गांधी ने अपना कोविड टेस्ट करवाया? केंद्रीय मंत्री ने ये भी कहा कि क्या भारत जोड़ो यात्रा में शामिल अन्य नेताओं ने अपना कोविड टेस्ट करवाया? ठाकुर ने सवाल करते हुए पूछा कि क्या कांग्रेस कोविड प्रोटोकाल का पालन नहीं करेगी? एक परिवार या एक पार्टी कोविड प्रोटोकाल से ऊपर है?
केंद्रीय मंत्री ने भारत जोड़ो यात्रा को लेकर कहा कि कांग्रेस की ये यात्रा भ्रष्टाचारियों को जोड़ने के लिए है। कांग्रेस को पहले परिवार की भलाई के बारे में नहीं बल्कि देश की भलाई के बारे में सोचना चाहिए। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चलने के तीन दिन बाद यानी 19 दिसंबर को हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कोविड पॉजिटिव पाए गए थे