
Network Today
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी प्रकाश के पर्व यानी दीपावली की पूर्व संध्या पर रामनगरी अयोध्या में दीपोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। पीएम मोदी अयोध्या में करीब चार घंटे के अपने प्रवास के दौरान रामनगरी को बड़ा दीपावली गिफ्ट भी देंगे। माना जा रहा है कि दीपोत्सव पर रविवार को अयोध्या में करीब चार हजार करोड़ की लागत वाली 66 परियोजनाओं का लोकार्पण होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार यानी 23 अक्टूबर को रामनगरी अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। पीएम मोदी इस दौरान वहां श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र स्थल का निरीक्षण करने के साथ ही वहां पर भगवान श्री रामलला विराजमान का दर्शन और पूजा करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी प्रतीकात्मक भगवान श्री राम का राज्याभिषेक भी करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री रामनगरी में भव्य दीपोत्सव समारोह की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरयू नदी के न्यू घाट पर आरती, 3-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो देखेंगे।
दीपावली की पूर्व संध्या पर अयोध्या का दौरा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दीपावली की पूर्व संध्या पर 23 अक्टूबर को अयोध्या का दौरा करेंगे। अयोध्या में प्रधानमंत्री शाम करीब पांच बजे भगवान श्री रामलला विराजमान के दर्शन और पूजा करेंगे तथा इसके बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र स्थल का निरीक्षण करेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार पीएम मोदी वहां पर शाम लगभग 5:45 बजे प्रतीकात्मक भगवान श्रीराम का राज्याभिषेक करेंगे। शाम लगभग 6:30 बजे, प्रधानमंत्री सरयू नदी के न्यू घाट पर आरती देखेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी वहां पर भव्य दीपोत्सव समारोह की शुरुआत भी करेंगे। इस दौरान गाय के गोबर से बने 25 हजार दीपक भी जगमग होंगे।
दीपोत्सव का छठा संस्करण
उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ सरकार के सत्ता संभालने के बाद से लगातार अयोध्या में दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। हर बार इस स्वरूप भी बढ़ता ही जा रहे हैं। इस वर्ष प्रदेश सरकार दीपोत्सव का छठा संस्करण आयोजित कर रही है।
अयोध्या में यह पहला मौका है जब जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस समारोह में व्यक्तिगत रूप से भाग लेंगे। इस अवसर पर वहां 15 लाख से अधिक दीपक जलाए जाएंगे। दीपोत्सव के दौरान विभिन्न राज्यों के विभिन्न नृत्य रूपों के साथ पांच एनिमेटेड झांकियां और 11 रामलीला झांकियां भी प्रदर्शित की जायेंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भव्य म्यूजिकल लेजर शो के साथ-साथ सरयू नदी के तट पर राम की पैड़ी में 3-डी होलोग्राफिक प्रोजेक्शन मैपिंग शो भी देखेंगे।