इटावा में सपा गठबंधन को बड़ा झटका, शिवपाल के करीबी प्रसपा प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा में शामिल

इटावा। यूपी विधानसभा चुनाव में दल बदल का दौर तेजी से चल रहा है। कानपुर के एक पूर्व मंत्री के भाजपा में शामिल होने के बाद सपा-प्रसपा गठबंधन को अब इटावा से बड़ा झटका लगा है। प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के करीबी और प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य ने पार्टी से नाता तोड़ लिया। वह सोमवार को समर्थकों के साथ लखनऊ में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या की मौजूदगी में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। उन्होंने लखनऊ भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समर्थकों के साथ सदस्यता ग्रहण की।

इटावा निवासी पूर्व सांसद रघुराज प्रताप सिंह शाक्य प्रसपा अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव के बेहद करीबी थी और पार्टी में प्रदेश उपाध्यक्ष पद पर थे। रघुराज वर्ष 1999 व वर्ष 2004 में दो बार सांसद चुने गए थे और वर्ष 2012 में भी सदर सीट से विधानसभा चुनाव लड़कर विधायक बने थे। इस बार फिर वह इटावा सदर सीट से चुनाव की तैयारी कर रहे थे। सपा-प्रसपा गठबंधन के बाद टिकट की दावेदारी कर रहे थे। समाजवादी पार्टी ने सदर सीट से पूर्व सांसद राम सिंह शाक्य के पुत्र सर्वेश शाक्य को प्रत्याशी बनाया है।

टिकट कटने पर अंदरखाने की नाराजगी बाहर आने लगी थी और पांच दिन पहले उन्होंने समर्थकों के साथ प्रसपा से त्याग पत्र दिया था। इसके बाद से उनका भाजपा में जाने का कयास लगाया जा रहा था। सोमवार को लखनऊ भाजपा कार्यालय में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की मौजूदगी में राघुराज प्रताप और उनके साथ प्रसपा के पूर्व जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, बसपा नेता बादशाह राजपूत, सर्वेश चौहान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सीमा शाक्य ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। माना जा रहा है कि अभी उनके और समर्थक भारतीय जनता पार्टी में जा सकते हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button