
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अग्निपथ योजना पर केंद्र सरकार पर हमला किया है। उन्होंने कहा है कि वन रैंक वन पेंशन के समर्थन में फौजियों ने भरोसा किया लेकिन ऐसी स्थिति पैदा कर दी कि अब नो रैंक नो पेंशन। अग्निपथ अग्निवीर युवाओं के साथ अन्याय है, समाजवादी पार्टी नौजवानों के साथ खड़ी है।
छिबरामऊ के मोहल्ला भैनपुरा में मंगलवार को पत्रकारों से वार्ता में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि अग्निपथ योजना और अग्निवीर का नौजवानों के साथ पूरे देश में विरोध है। फौज को इस तरह से आउट सोर्स करना ग़लत है, फौज में लोग देश की सेवा के लिए जाते हैं। हमारे गरीब किसान के बेटों का सपना होता है कि वह फौज में जाकर देश की सेवा करे और देश की सीमाओं को सुरक्षित करे। जिस सपने को पूरा करने के लिए वह रात दिन मेहनत करते हैं, उस सपने को इस सरकार ने तोड़ दिया है। सड़कों, खेतों व मैदान में दौड़ते हैं और कई साल अभ्यास करते हैं। उनके अंदर फौज की हरी वर्दी पहनने का जज्बा रहता है।
उन्होंने कहा कि सरकार रिफार्म के नाम पर क्या कर रही है? भाजपा के पुराने फैसले देखें। भाजपा गलत रिफार्म करती है, नोटबंदी भ्रष्टाचार समाप्त करने व काला धन वापस लाने के नाम पर की गई। जीएसटी व डिजिटल इंडिया का क्या हुआ? इसी तरह से अग्निपथ योजना भी धोखा देने वाला फैसला है। सरकार लगातार फौज का बजट कम कर रही है।
उन्होंने कहा कि उद्योगपतियों पर टैक्स लगाने की योजना बनाई जानी चाहिए। उद्योगपति सेवानिवृत्त फौजियों को नौकरियां दें। उन्हें समायोजित करें तभी कथनी और करनी में अंतर नहीं दिखेगा। बड़े पैमाने पर सेवानिवृत्त फौजी हैं, उन्हें नौकरी दी जानी चाहिए। सरकार सिर्फ अधिकारियों व पूंजीपतियों को आगे कर रही है। सुप्रीम कोर्ट, देश का संविधान व देश का कानून बुलडोजर को रोकेगा। कोई भी सच्चा हिंदू कभी दूसरे समाज के धर्म के खिलाफ नहीं बोल सकता। सरकार दल, जाति, धर्म देखकर कार्य कर रही। नफरत फैलाने वाली सरकार है। उद्योगपतियों के एंपायर बन रहे हैं। उनकी सुरक्षा के लिए इस तरह की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने सपा नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित करके नमन किया और कहा कि सपा के समर्पित नेता रामप्रकाश ने गरीबों के बीच व समाज के बीच में पार्टी को मजबूत बनाया। इस दौरान पूर्व विधायक अरविंद सिंह यादव, अनिल दोहरे, जिला अध्यक्ष कलीम खां, जय कुमार तिवारी बउअन एवं सपा नेता के परिवार में पत्नी लीला देवी, बेटे गोविंद व आनंद, बेटी निशा व नीतू, निर्मल, राघवेंद्र, रामनरेश, बिरला व श्रीचंद्र शाक्य मौजूद रहे।