
अब तक यूक्रेन की सेनाएं रूसी हमलों से बचाव कर रही थीं लेकिन अब उनका पलटवार भी सामने आया है। यूक्रेन का दावा है कि उसने काला सागर में तैनात रूसी युद्धपोत को निशाना बनाया है। वहीं रूसी सिक्योरिटी सर्विस का कहना है कि यूक्रेनी बलों ने ब्रांस्क क्षेत्र में एक सीमा चौकी पर मोर्टार दागे जो सीमा पार से किए गए हमलों की नई घटना है। रूस का कहना है कि यूक्रेन की यह हिमाकत टकराव को और बढ़ा सकती है। रूस ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि ऐसाा हमला दोबारा हुआ तो वह कीव में सत्ता प्रतिष्ठान को निशाना बनाएगा…
समाचार एजेंसी रायटर की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेनी बलों के इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि कुछ वाहन नष्ट जरूर हुए हैं। वहीं यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय और सेना की ओर से इस घटना पर कोई ताजा बयान नहीं आया है। यूक्रेन के गृह मंत्रालय के सलाहकार एंटोन हेराशचेंको का कहना है कि ब्रांस्क में सीमा के पास एक रूसी सैन्य फेसेलिटी में कोई वस्तु गिरी जिससे आग लग गई। उन्होंने यूक्रेन को दोषी ठहराने के लिए रूस का मजाक उठाया। सनद रहे हाल के कुछ हफ्तों में सीमा से सटे रूसी इलाकों में कई हमले देखे गए हैं।
जाहिर है रूस और यूक्रेन के बीच जारी लड़ाई थमती नजर नहीं आ रही है। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरस ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन में मानवीय आधार पर संघर्ष विराम की फिलहाल संभावना नजर नहीं आ रही। इस महीने के शुरू में ही संयुक्त राष्ट्र सहायता एजेंसी के प्रमुख मार्टिन ग्रिफिथ ने रूस और यूक्रेन का दौरा किया था। वह दोनों देशों के बीच मानवीय आधार पर संघर्ष विराम की संभावनाओं की तलाश में गए थे। इसके बारे में संवाददाताओं से गुटेरस ने कहा कि मौजूदा समय में दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम की संभावना नहीं है।